एनईए चुनाव 2026-28: विपिन मल्हन–वी.के. सेठ पैनल के चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन

एनईए चुनाव 2026-28: विपिन मल्हन–वी.के. सेठ पैनल के चुनाव कार्यालय का हुआ उद्घाटन

नोएडा। नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) के आगामी चुनाव 2026-28 की प्रक्रिया के तहत आज सेक्टर-6 स्थित चुनाव कार्यालय, बी-153 का उद्घाटन किया गया। चुनाव कार्यालय का शुभारंभ विपिन कुमार मल्हन एवं वी.के. सेठ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर विपिन मल्हन–वी.के. सेठ पैनल के सभी उम्मीदवार उपस्थित रहे।

उद्घाटन के पश्चात आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि एनईए संगठन सदैव उद्योगों और उद्यमियों के हित में कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई संगठन मजबूत होता है, तो सरकार भी उसकी बात को गंभीरता से सुनती है। एनईए की स्थापना नोएडा की स्थापना के तुरंत बाद वर्ष 1978 में हुई थी और तब से यह संगठन उद्यमियों के विश्वास पर खरा उतरता आ रहा है।

उन्होंने बताया कि इस बार पैनल में युवा उद्यमियों को विशेष रूप से स्थान दिया गया है, जिससे स्टार्टअप और एमएसएमई से जुड़े युवा आगे बढ़कर तेजी से बढ़ रहे औद्योगिकीकरण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। साथ ही दो महिला उद्यमियों को पदाधिकारी के रूप में शामिल किया गया है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

विपिन कुमार मल्हन ने कहा कि एनईए की चुनी गई टीम का कार्यकाल दो वर्ष का होता है। वे अपनी टीम के साथ पुनः चुनावी मैदान में उतरे हैं और आशा व्यक्त की कि अन्य टीमें भी चुनाव में भाग लें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक सशक्त हो सके।

इस अवसर पर राकेश कोहली, हरीश जोनजा, धर्मवीर शर्मा, मुकेश कक्कड़, मोहन सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, मौ. इरशाद, मयंक गुप्ता, झुमा विश्वास नाग, छाया सिन्हा, राहुल नैय्यर, रजत खुराना, एम.पी. सिंह, राजकुमार गुप्ता, प्रदीप कुमार अग्रवाल, प्रभात मेहता सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।