मरदह थाना क्षेत्र में आभूषण व्यवसाई से ठगी
(गाजीपुर): मरदह थाना अंतर्गत सिंगेरा चट्टी पर आभूषण व्यवसायी अमर वर्मा को विश्वास में लेकर घर दिखाने के नाम पर दो चेन ठग लिए। ठगी का पता चलने पर सराफ ने थाने में शिकायत की है। बलिया जिले के रसड़ा निवासी अमर वर्मा की जेवर की दुकान है। अमर वर्मा ने बताया कि 15 अगस्त की शाम को एक अज्ञात नंबर से उसके मोबाइल पर फोन आया। फोनकर्ता ने सिंगेरा गांव निवासी एक व्यक्ति नाम बताते हुए कहा कि सोने की 15 ग्राम की चैन चाहिए। दूसरे दिन 11 बजे दुकान पर पहुंचे युवक ने सिंगेरा निवासी व्यक्ति का नाम लेकर कहा कि दिखाने के लिए उसे चेन घर ले जाना है। इस पर दुकानदार ने घर ले जाने के लिए मना कर दिया। इसके बाद युवक ने मोबाइल से दुकानदार की किसी दूसरे व्यक्ति से बात करा दी। मोबाइल पर बातचीत के दौरान व्यक्ति ने 20 मिनट में चेन देखकर वापस भेजने का झांसा देकर दुकानदार को राजी कर लिया । युवक के न लौटने पर दुकानदार ने मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ था। इसके बाद दुकानदार को ठगी का पता चला। सिंगेरा निवासी जिस व्यक्ति का नाम ठग ने बताया था उनसे पता करने पर उन्होंने किसी को चेन के लिए नहीं भेजा था। धोखाधड़ी के शिकार अमर वर्मा ने मरदह थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी की तहरीर दी है । थानाध्यक्ष दुष्यंत सिह ने बताया कि पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। शीघ्र ही ठगी में शामिल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


