मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की SATTE 2025 में भागीदारी

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की SATTE 2025 में भागीदारी

नई दिल्ली/ भोपाल :  मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड  इस वर्ष के SATTE 2025 में अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक धरोहर, अछूते प्राकृतिक परिदृश्य और अनूठे पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित कर रहा है। यह प्रतिष्ठित यात्रा और पर्यटन प्रदर्शनी 19 से 21 फरवरी तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित की जा रही है। इस वर्ष, MPTB ने सस्टेनेबल टूरिज्म को केंद्र में रखते हुए अपने प्रयासों को प्रस्तुत किया है, जिससे राज्य को "अतुल्य भारत का हृदय" के रूप में मजबूती मिले।

SATTE 2025 दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा ट्रैवल और टूरिज़्म एक्सपो है, जो पर्यटन उद्योग के प्रमुख विशेषज्ञों को जोड़ने, व्यापार के अवसरों को बढ़ाने और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक प्रभावशाली मंच प्रदान करता है। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड इस आयोजन में इको टूरिज्म , एडवेंचर गतिविधि और वेलनेस रिट्रीट्स को प्रदर्शित कर रहा है। इसके साथ ही, होमस्टे, ग्रामस्टे और फार्मस्टे जैसी ग्रामीण पर्यटन पहलों को बढ़ावा देकर पर्यटकों को स्थानीय परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति एवं प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला ने इस मौके पर कहा की "मध्य प्रदेश पर्यटन में विविध गंतव्य उपलब्ध हैं, जो ऑफबीट अनुभवों से लेकर ईको-टूरिज्म तक सभी यात्रियों की अपेक्षाओं को पूरा करते हैं। SATTE 2025 हमें अपनी पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने और पर्यटन उद्योग के विशेषज्ञों से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।"

इस प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों को प्रमुखता दी गई है, जिनमें 12 राष्ट्रीय उद्यान, 24 वन्यजीव अभयारण्य, और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल – खजुराहो, भीमबेटका और सांची शामिल हैं।आध्यात्मिक यात्रियों के लिए ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर जैसे ज्योतिर्लिंग विशेष आकर्षण का केंद्र हैं, जबकि रोमांच प्रेमी पर्यटक कैम्पिंग, वॉटर स्पोर्ट्स और वन्यजीव सफारी का आनंद ले सकते हैं।

मध्य प्रदेश अपने जीवंत सांस्कृतिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है। इस वर्ष, MPTB ने तानसेन समारोह, खजुराहो नृत्य महोत्सव, मालवा उत्सव और अलाउद्दीन संगीत महोत्सव जैसे आयोजनों को प्रदर्शित किया है, जो पर्यटकों को राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव कराएंगे। MPTB आने वाले महीनों में मुंबई, दिल्ली, नागपुर, कोलकाता और बेंगलुरु में आयोजित होने वाले प्रमुख पर्यटन मेलों में भी राज्य के पर्यटन को बढ़ावा देगा। जैसे-जैसे SATTE 2025 आगे बढ़ रहा है, मध्य प्रदेश ने सतत पर्यटन के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और यात्रियों को अपनी विविध अनुभवों और प्राकृतिक सुंदरता का अन्वेषण करने के लिए आमंत्रित किया है।