IFEVA एवं MERI कॉलेज ने राष्ट्रीय ईवी पार्क की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम

IFEVA एवं MERI कॉलेज ने राष्ट्रीय ईवी पार्क की दिशा में बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम

राष्ट्रीय ईवी पार्क राउंड टेबल मीट में उद्योग जगत ने दिया व्यापक समर्थन, भारत का पहला एकीकृत EV Park विकसित करने का प्रस्ताव

नई दिल्ली | भारत को वैश्विक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी एवं हरित ऊर्जा का अग्रणी केंद्र बनाने के उद्देश्य से International Federation of Electric Vehicle Association (IFEVA) एवं MERI College, जनकपुरी, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय ईवी पार्क (National EV Park) राउंड टेबल मीट का सफल आयोजन किया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में देशभर से 100 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें 40–50 से अधिक MSME कंपनियों के संस्थापक, उद्योगपति एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के पहले एकीकृत राष्ट्रीय ईवी पार्क की अवधारणा पर उद्योग जगत से सुझाव प्राप्त करना तथा इसे एक विश्वस्तरीय औद्योगिक एवं नवाचार केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में विचार-विमर्श करना था।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत रहीं। उन्होंने भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, हरित ऊर्जा, स्वदेशी विनिर्माण तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय ईवी पार्क जैसी पहलों की सराहना करते हुए सरकार, उद्योग एवं शिक्षण संस्थानों के बीच मजबूत साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर सुनील भटनागर, निदेशक, Switch Lab; डॉ. राजीव मिश्रा, अध्यक्ष, IFEVA; शिशिर अग्रवाल, निदेशक, Shighan Auto; रंजन वर्श्नेय, NTPC; प्रवीण सूद, Regnant Energy सहित अनेक प्रतिष्ठित उद्योग प्रतिनिधि, तकनीकी विशेषज्ञ, निवेशक, शिक्षाविद एवं विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राउंड टेबल चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण, बैटरी प्रौद्योगिकी, बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS), ईवी चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग, परीक्षण एवं प्रमाणन, अनुसंधान एवं विकास (R&D), स्टार्टअप इनक्यूबेशन, कौशल विकास, निवेश, नीति समर्थन तथा उद्योग–शिक्षा सहयोग जैसे विषयों पर अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में यह भी प्रस्ताव रखा गया कि IFEVA एवं MERI College of Engineering & Technology, समपला, बहादुरगढ़ (झज्जर), हरियाणा के सहयोग से राष्ट्रीय ईवी पार्क विकसित किया जाए। प्रस्तावित पार्क का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, परीक्षण एवं प्रमाणन, बैटरी निर्माण, बैटरी रीसाइक्लिंग, ईवी चार्जिंग एवं बैटरी स्वैपिंग, स्टार्टअप इनक्यूबेशन, कौशल विकास तथा उद्योग–अकादमिक सहयोग के लिए एक विश्वस्तरीय एकीकृत प्लेटफ़ॉर्म स्थापित करना है।

IFEVA ने बताया कि राउंड टेबल मीट में प्राप्त सभी सुझावों को राष्ट्रीय ईवी पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) में सम्मिलित किया जाएगा, ताकि यह परियोजना उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं एवं भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के अनुरूप विकसित की जा सके।

इस अवसर पर डॉ. शैलेंद्र सरोज, संस्थापक एवं गवर्निंग काउंसिल सदस्य, IFEVA ने कहा कि "राष्ट्रीय ईवी पार्क केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि भारत को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, हरित ऊर्जा और स्वदेशी विनिर्माण के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाने का एक राष्ट्रीय मिशन है। हमारा उद्देश्य उद्योग, सरकार, शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान संगठनों और निवेशकों को एक साझा मंच पर लाकर विश्वस्तरीय EV Ecosystem का निर्माण करना है।"

IFEVA ने देशभर के इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं, बैटरी एवं चार्जर कंपनियों, ऑटो कंपोनेंट उद्योग, MSMEs, स्टार्टअप्स, निवेशकों, अनुसंधान संस्थानों, विश्वविद्यालयों तथा सभी हितधारकों से इस राष्ट्रीय पहल में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है।

साथ ही IFEVA ने भारत सरकार तथा सभी राज्य सरकारों से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नीतिगत, संस्थागत एवं अवसंरचनात्मक सहयोग प्रदान करें, ताकि भारत का पहला एकीकृत राष्ट्रीय ईवी पार्क स्थापित किया जा सके और भारत को वैश्विक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्वच्छ ऊर्जा एवं हरित औद्योगिक विकास का अग्रणी केंद्र बनाया जा सके।