फ्लिपकार्ट समर्थ ने कारीगरों, बुनकरों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित कार्यक्रम के माध्यम से मनाया अपनी 5 साल की यात्रा का जश्न
दिल्ली : भारत के घरेलू ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस फ्लिपकार्ट ने भारत के कारीगरों, बुनकरों, स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं और ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित एक कार्यक्रम के माध्यम से अपनी 5 साल की यात्रा का जश्न मनाया। इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के 250 से अधिक अग्रणी व्यक्तियों, विक्रेताओं, कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों और स्वयं सहायता समूहों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाना और उसे बढ़ावा देना था, जिसमें भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी, अतुल कुमार तिवारी (IAS), सचिव, MSDE, सोनल मिश्रा (IAS), संयुक्त सचिव, MSDE, हिना उस्मान, संयुक्त सचिव कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और महानिदेशक NIESBUD; सुनील कुमार रंजन, निदेशक, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय, अभिषेक मीना, उप निदेशक, MSDE; अशुतोष कुमार (IRS), उप निदेशक , MSDE, और कर्नल संतोष कुमार, निदेशक और सचिव NCVET जैसी गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति देखी गई।
फ्लिपकार्ट की सप्लाई चेन ऑपरेशंस एकेडमी (SCOA) ने समर्थ कार्यक्रम के दौरान कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के साथ एक एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस साझेदारी का उद्देश्य प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत भारत के हजारों युवाओं को कौशल प्रदान करना है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि हो सके। फ्लिपकार्ट की टीम उम्मीदवारों को 7 दिनों की इंटेंसिव क्लासरूम ट्रेनिंग के बाद फ्लिपकार्ट के केंद्रों में 45 दिनों के हैंड्स-ऑन इंडस्ट्री एक्सपोजर (व्यावहारिक उद्योग अनुभव) के साथ एक समग्र प्रशिक्षण प्रदान करती है। यह सहयोग विशेष प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रम प्रदान करके युवाओं को सफल करियर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देने की ओर अग्रसर है।


