नोएडा लोक मंच ने दीपावली मिलन समारोह में विभिन्न सेवा प्रकल्पों और स्कूली बच्चों के बीच बांटी मिठाइयाँ

नोएडा लोक मंच ने दीपावली मिलन समारोह में विभिन्न सेवा प्रकल्पों और स्कूली बच्चों के बीच बांटी मिठाइयाँ

नोएडा। दीपावली के शुभ अवसर पर नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी, सेक्टर-15 में नोएडा लोक मंच की ओर से आत्मीय एवं पारंपरिक दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। काफी वर्षों के अंतराल के बाद इस तरह का पारंपरिक उत्सव पूरे उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर नोएडा लोक मंच के जनरल सेक्रेटरी महेश सक्सेना, ट्रेजरर श्रीमती विभा बंसल, एग्जीक्यूटिव जनरल सेक्रेटरी विनीत गर्ग तथा मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा समिति की सचिव श्रीमती लीका सक्सेना उपस्थित रहीं।

 कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि श्रीमती लीका सक्सेना अपनी अस्वस्थता के बावजूद विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल होने पहुंचीं। संगठन के प्रति उनका यह जुड़ाव और समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।

समारोह के दौरान नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी के सभी सहकर्मियों के साथ आत्मीय संवाद किया गया। आपसी सहयोग, टीम भावना और संगठन के प्रति समर्पण को लेकर विचार साझा किए गए। नोएडा लोक मंच की ओर से सभी सहकर्मियों को मिठाई एवं दीपावली का उपहार भेंट किया गया।

इस अवसर पर दीपावली की खुशियों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच की टीम ने संस्था के विभिन्न सामाजिक सेवा प्रकल्पों का भी दौरा किया। संस्कार अध्ययन केंद्र, अंतिम निवास एवं दवा बैंक में पहुंचकर वहां उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया।

इसके अतिरिक्त सेक्टर-15 स्थित ज्ञानश्री स्कूल के लगभग 200 बच्चों के बीच भी मिठाइयां बांटी गईं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह ने दीपावली के इस आयोजन को और भी यादगार बना दिया।

इस अवसर पर नोएडा लोक मंच के सदस्यों एवं टीम ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में भी इसी उत्साह, प्रेम, आपसी सहयोग और सकारात्मक ऊर्जा के साथ समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना नहीं, बल्कि खुशियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना और मिलकर कुछ बेहतर करने की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम का संदेश यही रहा कि हम सभी मिलकर प्रेम, सद्भाव और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें तथा अपने प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते रहें।