अभाविप दिल्ली के शिक्षण संस्थानों में बनाएगी पौने दो लाख सदस्य
अभाविप ने सदस्यता अभियान किया शुरू
नई दिल्ली- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने गुरुवार को दिल्ली के विभिन्न महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को अभाविप की सदस्यता ग्रहण करवाकर सत्र 2024- 25 के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत की। अभाविप ने इस सदस्यता अभियान के माध्यम से दिल्ली के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ने और राष्ट्र पुनर्निर्माण के महान कार्य में भागीदार बनाने का काम करेगी।

अभाविप दिल्ली के इस सदस्यता अभियान के तहत परिषद के कार्यकर्ता दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया व दिल्ली के अन्य शिक्षण संस्थानों में हेल्पडेस्क लगाकर तथा क्लास टू क्लास कैंपेन कर वहां के विद्यार्थियों को सदस्य बनाएगें। यह सदस्यता अभियान 22 अगस्त से लेकर 7 सितंबर तक दो चरणों में चलेगा।

अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री, हर्ष अत्री ने कहा,"अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है जो अपनी स्थापना से ही समाज और छात्रों के हित के लिए कार्य कर रहा है। अभाविप के कार्यकर्ता साल भर परिसर में रहकर छात्रों के लिए काम करते हैं। हम इस सदस्यता अभियान के माध्यम से दिल्ली के हर एक उच्च शिक्षण संस्थान में जाकर वहां के छात्रों को संगठन से जोड़ कर राष्ट्र पुनर्निर्माण के कार्य में अपनी भूमिका निभाने के लिए उन्हें प्रेरित करेंगे।"


