स्वतंत्रता दिवस अमृत महोत्सव पर हुआ कवि सम्मेलन

स्वतंत्रता दिवस अमृत महोत्सव पर हुआ कवि सम्मेलन

नोएडा।PNI News। साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन बरौला नोएडा की ओर से सुप्रसिद्ध हास्य कवि बाबा कानपुरी की अध्यक्षता में और पंडित साहित्य चंचल के कुशल संचालन में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन बरौला में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में भाजपा विधायक मो. परवेज़ आलम और विशिष्ट अतिथि के रूप में नोएडा के वरिष्ठ सपा नेता अशोक चौहान की उपस्थिति सराहनीय रही।
बाबा कानपुरी द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा में पुष्पा हार चढ़ाने के बाद कवि सम्मेलन का शुभारंभ गाजियाबाद से पधारी कवयित्री तूलिका सेठ ने सरस्वती वंदना से किया। कवि सम्मेलन में ओज के कवि कमांडो समोद सिंह, कवयित्री स्वदेश सिंह, प्रसिद्ध शायर ताबिश खैराबादी, हास्य कवि सुनहरी लाल तुरंत, पंडित साहित्य चंचल, पंडित विजय चंचल, अटल मुरादाबादी, डॉ अशोक मधुप ने अपनी राष्ट्रीय चेतना की और हास्य व्यंग रचनाओं से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया।
अपने अध्यक्षीय काव्य पाठ में हास्य कवि बाबा कानपुरी ने कोरोना के शिकार हुए सुप्रसिद्ध शायर स्वर्गीय गुलज़ार देहलवी पर ग़ज़ल सुनाकर सभी को मुग्ध कर दिया। उन्होंने सुनाया---
उर्दू केवट विशाल थे गुलज़ार देहलवी,
खुद में ही एक मिसाल थे गुलज़ार देहलवी।
साहित्य की सरिता को बहाते रहे सदा,
'बाबा' जी क्या कमाल थे गुलज़ार देहलवी।
मुख्य अतिथि मो. परवेज आलम और विशिष्ट अतिथि अशोक चौहान ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की।
कार्यक्रम के समापन पर संचालक एवं संयोजक पंडित साहित्य चंचल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।