बीआईटी मे हुई शोध पत्र लेखन एवं प्रकाशन पर एक कार्यशाला

बीआईटी मे हुई शोध पत्र लेखन एवं प्रकाशन पर एक कार्यशाला

नोएडा। सेक्टर 1 स्थित बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान नॉएडा में एमबीए  के विद्यार्थियों के लिए "शोध पत्र लेखन एवं प्रकाशन" पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता डॉ अरुण मित्तल ने विस्तार से शोध पत्रों के प्रभावशाली लेखन एवं उनके स्तरीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन के लिए अनेक गुणवत्ताओं एवं रणनीतियों पर चर्चा की।  डॉ. मित्तल ने बताया की एक अच्छे शोध पत्र में मुख्यत: प्रभावशाली सारांश, मुख्य शब्द, परिचय, विद्यमान साहित्य का पुनरीक्षण, शोध समस्या, शोध प्राविधि एवं संरचना, आंकड़ों का विश्लेषण, निष्कर्ष, सुझाव एवं भावी शोध के लिए मार्गदर्शन एवं सन्दर्भ ग्रन्थ सूची। आदि प्रमुख तत्व होने चाहिए। शोध पत्र पुरानी एवं अतिकार्यान्वित शोध समस्याओं पर आधारित न होकर किसी नए विषय पर होना चाहिए एवं विद्यमान साहित्य के विश्लेषण के लिए मानक पत्रिकाओं से हाल ही में प्रकाशित शोध पत्रों का सन्दर्भ लेना चाहिए। ऐसी पत्रिकाएं उत्कृष्ट अंतर्राष्ट्रीय प्रकाशकों जैसे - एमराल्ड इनसाइट, टेलर एंड फ्रांसिस, सेज प्रकाशन, स्प्रिंगर, विली, एल्सवियर, इन्डरसाइंस एवं आई जी आई ग्लोबल आदि द्वारा प्रकाशित की जाती हैं।

डॉ मित्तल ने कहा कि शोध पत्र में शीर्षक से लेकर निष्कर्ष तक एकरूपता एवं  निरंतरता होनी चाहिए। उन्होंने आंकड़ों के विश्लेषण के लिए विद्यार्थियों को SPSS, R स्टूडियो एवं माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल में महारत हासिल करने एवं सन्दर्भ ग्रन्थ सूची को एपीए -6 या 7 संस्करण के दिशानिर्देशों के आधार पर लिखने की सलाह  दी. और कहा की विद्यार्थी इसके लिए साइट दिस फॉर मी एवं मैंडेली डेस्कटॉप आदि स्वचालित ऑनलाइन माध्यमों का प्रयोग भी कर सकते हैं.  डॉ. मित्तल ने बताया कि सांख्यिकीय तकनीकों का प्रयोग इस पर निर्भर करता है कि आंकड़ों को किस पैमाने पर मापा गया है, उसमें निर्भर चर एवं स्वतंत्र चर कितने हैं।  इस अवसर पर एम् बी ए पाठ्यक्रम की शैक्षणिक संयोजिका डॉ मोनिका बिष्ट ने बताया की  संस्थान ने स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए अपने शोध परियोजना के परिणामों के आधार पर शोध पत्र प्रकाशित करना अनिवार्य कर दिया है इसलिए विद्यार्थियों को इस विषय में निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।  संस्थान के निदेशक डॉ. एस एल गुप्ता ने  प्राध्यापकों द्वारा की गई इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।