उचित मूल्य पर ही ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को जमीन देंगे किसान

  गाजीपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में किसानों को सरकार की ओर से उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है। उचित मूल्य नहीं मिलने से उनमें आक्रोश है। आक्रोशित किसानों ने पूर्व विधायक एवं अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र यादव के नेतृत्व में बाराचवर स्थित एक मैरेज हाल में शुक्रवार को बैठक की। इसमें निर्णय लिया कि जब तक किसानों को मुआवजा की राशि बढ़ाई नहीं जाती तब तक कोई किसान भूमि की रजिस्ट्री नहीं करेगा।

बैठक में पूर्व विधायक ने कहा कि किसान सभा ने किसानों की लड़ाई हमेशा लड़ी है। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे में सरकार ने जो मुआवजा निर्धारित किया है वह इस समय की महंगाई और मूल्य का आकलन न करते हुए निर्धारित किया है। ऐसी दशा में किसान अपनी भूमि की तब तक रजिस्ट्री नहीं करेंगे जब तक मुआवजा की धनराशि बढ़ाई नहीं जाती है। पिछले छह माह से किसान सभा ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे में किसानों की पड़ने वाली भूमि का मुआवजा बढ़ाने की मांग कर रहा है। इसके बाद भी जिला प्रशासन और सरकार किसानों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है।

पूर्व विधायक ने किसानों को भरोसा दिलाया कि आप सभी की मांगों को लेकर मैं किसान सभा के नेतृत्व में आंदोलन करने के लिए तैयार हूं। अगर जिला प्रशासन किसानों की मांगों को नहीं मानता है तो समय निर्धारित कर सरजू पांडेय पार्क में आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर विपिन राय, धनंजय राय, महेंद्र सिंह, सिद्धांत राय, राजेश राय, रविंद्र यादव, सुरेंद्र राम, सदानंद राय, शिवमुनि यादव, घूरा यादव, राजदेव व संतोष आदि उपस्थित थे।