गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर 18 जून को नोएडा पंजाबी समाज लगाएगा छबील एवं प्रसाद सेवा

गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर 18 जून को नोएडा पंजाबी समाज लगाएगा छबील एवं प्रसाद सेवा

नोएडा। मानवता, सेवा और समर्पण के प्रतीक पंचम पातशाह श्री गुरु अर्जुन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस के अवसर पर नोएडा पंजाबी समाज द्वारा 18 जून को बॉटनिकल गार्डन के पास 
एक विशाल छबील (शरबत एवं प्रसाद वितरण सेवा) का आयोजन किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रातः10 बजे से प्रभू इच्छा तक राहगीरों,यात्रियों एवं आम जनमानस को ठंडा शरबत एवं प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह सेवा गुरु साहिब की शिक्षाओं—मानव सेवा,त्याग,सहिष्णुता एवं परोपकार—को समर्पित है।

नोएडा पंजाबी समाज पिछले कई वर्षों से इस सेवा परंपरा का सफलतापूर्वक आयोजन करता आ रहा है तथा प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक इस सेवा का लाभ प्राप्त करते हैं।

नोएडा पंजाबी समाज के अध्यक्ष राजीव अजमानी ने बताया कि इस आयोजन में सांसद महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह एवं शहर के कई सम्मानित जन प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों,समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में समाज के सदस्य भाग लेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस पुण्य अवसर पर उपस्थित होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा प्राप्त करें तथा सेवा कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें।

नोएडा पंजाबी समाज के महासचिव रणधीर सिंह ने बताया कि संस्था समाज सेवा,सांस्कृतिक गतिविधियों एवं जनकल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है।