श्री अरविन्द सोसायटी ने मनाया अपने संस्थापक श्री माँ का जन्मोत्सव
नोएडा। श्रीअरविन्द सोसायटी ने अपने संस्थापक श्री माँ (पूर्व नाम मीरा अल्फासा) के जन्मोत्सव का समारोह आयोजन किया। श्रीमाँ का जन्म 21 फ़रवरी 1878 को हुआ था। वह श्री अरविन्द की आध्यात्मिक सहयोगी थीं। श्रीमाँ ने 1926 में श्रीअरविन्द आश्रम की स्थापना की, 1960 में श्री अरविन्द सोसायटी की स्थापना की व 1968 में औरोविल की स्थापया की ।
समारोह का आयोजन श्री अरविंद भवन, सी-56/36, सेक्टर 62, नोएडा में किया गया। सभा को संबोधित करते हुए सोसायटी के नोएडा अध्यक्ष अरुण व्यास ने श्रीमाँ के जीवन व उनके कार्य से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा मथुरा से पधारे ब्रज के लोक कलाकारों द्वारा श्रीराधा जन्मोत्सव की लीला, भजन एवं होली के गीतों का मंचन।
आयोजन में नोएडा सेक्टर 62 के RWA के अध्यक्ष आर. के. उप्रेती सहित नोएडा के अनेक गणमान्य निवासी उपस्थित रहे।
श्री अरविन्द सोसायटी की भारत में 320 से अधिक शाखाएँ और संबद्ध केंद्र हैं। यह संस्था संयुक्त राष्ट्र शिक्षा, विज्ञान, संस्कृति संगठन (यूनेस्को) की सदस्य है। इसे भारत सरकार द्वारा समाज विज्ञान में अनुसंधान के लिए एक संस्था के रूप में मान्यता प्राप्त है। श्रीअरविन्द सोसायटी का उद्देश्य है श्रीअरविन्द के इस आध्यात्मिक सूत्र पर कार्य करना : "सम्पूर्ण जीवन योग है", व इस सूत्र को दैनिक जीवन में उतारना, जिससे कि मानव जीवन अज्ञानता, अशांति और शोक से मुक्त हो शांति, सत्य, प्रेम, शक्ति, प्रकाश और ऊर्जा से भरपूर एक दिव्य जीवन जी सके। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए श्रीअरविन्द सोसायटी अपने एक व्यापक कार्यक्रम के अंतर्गत समग्र योग, समग्र शिक्षा, समग्र स्वास्थ्य, समग्र प्रबंधन, , समग्र महिला सशक्तिकरण, समग्र युवा सशक्तिकरण, समग्र बाल विकास, प्रसव-पूर्व शिक्षा, भारतीय संस्कृति, मीडिया इत्यादि अनेक क्षेत्रों में कार्यरत है।


