एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी का राष्ट्रीय शैक्षिक मंच पर गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व
99वें एआईयू वार्षिक सम्मेलन में नेतृत्व, नवाचार और समावेशिता की नई मिसाल
नोएडा। एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी, मुंबई ने 99वें एआईयू (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज) वार्षिक सम्मेलन एवं कुलपतियों के राष्ट्रीय सम्मेलन 2024-25 में सहभागिता कर राष्ट्रीय शैक्षिक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 23-24 जून 2025 को भव्य रूप से सम्पन्न हुआ जिसमें देश भर के अग्रणी शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधियों में भाग लिया।

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ जी एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने किया। सम्मेलन का मुख्य विषय “उच्च शिक्षा का भविष्य: भारत की केंद्रीय भूमिका” रहा, जिसके अंतर्गत देश के प्रमुख शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं और नवाचारकर्ताओं ने संवाद और विचार-विमर्श किया।
एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति, प्रो. डॉ. उज्ज्वला चक्रदेव के दूरदर्शी नेतृत्व में विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल—डॉ. संजय फड (विभागाध्यक्ष, स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग एवं कैंपस कोऑर्डिनेटर, चर्चगेट), तथा मेहुल खाले (पब्लिक रिलेशन अधिकारी) ने सम्मेलन में भाग लेकर विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षिक गुणवत्ता, नेतृत्व और नवाचार के प्रति अपनी गहन प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों, महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों, अनुसंधान, नवाचार और समावेशी शिक्षा की दिशा में चल रही पहलों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय द्वारा महिला शिक्षा, उद्यमिता, डिजिटल लर्निंग और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई।
रचनात्मक नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी, सत्यम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नोएडा ने भी इस मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संस्थान ने भारतीय और वैश्विक फैशन शिक्षा में नए मानदंड स्थापित करने, समावेशिता, सतत विकास और 21वीं सदी के कौशल को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों को साझा किया। सत्यम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी से संबद्ध होकर, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
सम्मेलन के दौरान विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने अन्य विश्वविद्यालयों के साथ नेटवर्किंग, सहयोग और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। इस मंच ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवीनतम रुझानों, चुनौतियों और अवसरों पर संवाद स्थापित करने का अद्वितीय अवसर प्रदान किया।
एसएनडीटी विमेंस यूनिवर्सिटी का इस राष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व न केवल संस्थानों के लिए, बल्कि समग्र भारतीय शिक्षा व्यवस्था के लिए भी गर्व का विषय है। यह उपलब्धि भविष्य में शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।