जनार्दन पहलवान ने किया जनपद का नाम रोशन, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

जनार्दन पहलवान ने किया जनपद का नाम रोशन, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

गाजीपुर । यूपी दिवस के मौके पर जिले के नाम राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले जर्नादन सिंह यादव को लक्ष्मण पुरस्कार से सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने पुरस्कृत कर सम्मानित किया। जर्नादन सिंह यादव पुत्र स्व. धर्मदेव सिंह यादव ग्राम सराय मुबारक पोस्ट अविसहन के रहने वाले है। क्षेत्रवासियों को लक्ष्मण पुरस्कार मिलने की जानकारी होते ही कुश्ती के खिलाड़ी जर्नादन सिंह यादव का बधाई देने वालों का ताता लगा है। लोग घरों पर जाकर बधाई देते हुए भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे है।प्रदेश सरकार ने 32 खेलों के खिलाड़ियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया था। इसके लिए पात्रता निर्धारित की गयी थी। जिसमें पात्र खिलाड़ी की आयु एक अप्रैल वर्ष 2022 को 40 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।इसमें गाजीपुर के कुश्ती के खिलाड़ी जर्नादन सिंह यादव का भी चयन किया गया है। वह वर्तमान समय में गोरखपुर में सीटीटी आई के पद पर तैनात हैं। अंतराष्ट्रीय स्तर पर 29 से 23 नवंबर वर्ष 2003 में एशिया कप कजाकिस्तान में चौथा स्थान पर व 13 से 16 अगस्त 1992 में विश्व कुश्ती चैंपियन में पांचवा स्थान मिला था। राष्ट्रीय स्तर पर 29 दिसंबर से जनवरी वर्ष 2000 तक रजत पदक, 21 से 25 दिसंबर 2001 सीनियर नेशनल चैंपियनशिप कांस्य पदक, 8 जनवरी से 12 जनवरी 2003 सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में रजत पदक, 14 से 17 दिसंबर 1989 में नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक मिला। वर्ष 2000 उत्तर प्रदेश केशरी में स्वर्ण पदक व 14 से 16 दिसंबर वर्ष 2003 में उत्तर प्रदेश केशरी में स्वर्ण पदक मिला है। जर्नादन सिंह यादव ने बताया कि लक्ष्मण पुरस्कार में शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद बहुत खुशी हुई। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बेहतर प्रर्दशन करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है।