शिव महापुराण कथा के शुभारंभ के साथ फेलिक्स हॉस्पिटल ने लगाया नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर
फेलिक्स हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच
251 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
नोएडा। सेक्टर-20 स्थित श्री हनुमान मंदिर में रविवार से 10 दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ धार्मिक उल्लास और भक्ति भाव के साथ हुआ। कथा के पहले दिन फेलिक्स हॉस्पिटल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने पूजा-अर्चना और कलश पूजन के साथ किया। इसके बाद मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में 251 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। शोभायात्रा श्री हनुमान मंदिर से सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-19, डीएम चौक होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयघोष किए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
स्वास्थ्य शिविर में फेलिक्स हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने रक्तचाप, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किए और जरूरतमंदों को आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया। फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डीके गुप्ता ने कहा कि अस्पताल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, ऐसे में स्वास्थ्य सेवाओं को इन आयोजनों से जोड़ना समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। हमारा उद्देश्य है कि श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहें और समय पर जांच कराकर बीमारियों की पहचान कर सकें।
वहीं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रश्मि गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की आधारशिला है। फेलिक्स हॉस्पिटल भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाता रहेगा। अस्पताल समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता और परामर्श उपलब्ध कराता है।
अपस्ताल, शांभवी महामुद्रा ट्रस्ट और अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कथा का वाचन एवं शिव महिमा का गुणगान शिव योगी श्रीमती कनक लता (कनक) द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुधीर चंद्र पोरवाल ने बताया कि 4 अगस्त तक प्रतिदिन कथा का आयोजन होगा, जबकि 5 अगस्त को हवन और विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।


