बीएस फाउंडेशन ने किया हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन
नोएडा: बीएस फाउंडेशन द्वारा सेक्टर 27 क्लब में हरियाली तीज का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। संस्था की अध्यक्ष डॉ. बबीता शर्मा के नेतृत्व में यह पर्व नारी शक्ति, आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम बन गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक परिधानों, महंदी, चूड़ियों व श्रृंगार में सजकर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
तीज के पौराणिक महत्व को उजागर करते हुए डॉ. बबीता शर्मा ने कहा कि यह पर्व केवल व्रत नहीं, बल्कि मां पार्वती के प्रेम, तप और पुनर्जन्म की प्रेरक गाथा है। भगवान शिव के प्रति समर्पण, नारी की श्रद्धा और वैवाहिक सौभाग्य की कामना इस पर्व का मूल है। कार्यक्रम में तीज गीतों पर नृत्य, पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति और झूला सजावट विशेष आकर्षण रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने लोक गीतों पर झूमते हुए तीज की उमंग को सजीव किया। डॉ. बबीता की मधुर आवाज़ में प्रस्तुत गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। BS फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के उत्साह, सहभागिता और संस्कृति के प्रति प्रेम का प्रतीक है।


