वल्लभ प्रसाद अग्रवाल की आत्मा की शान्ति हेतु किया गया नरसिंह यज्ञ
नोएडा।PNI News। अपरा एकादशी को इस्कॉन नोएडा मन्दिर में प्रियागोल्ड बिस्कुट एवं सूर्या एग्रो फ़ूड के सीएमडी वल्लभ प्रसाद अग्रवाल की आत्मा की शान्ति हेतु नरसिंह यज्ञ किया गया। ज्ञात हो कि वल्लभ प्रसाद अग्रवाल का अभी कुछ दिन पूर्व 1 जून को हृदय का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। वे शहर के एक नामी उद्योगपति, प्रियागोल्ड बिस्कुट एवं सूर्या एग्रो फ़ूड के सीएमडी होने के साथ साथ इस्कॉन नोएडा मन्दिर की स्टेयरिंग कमेटी के चेयरमैन भी थे। इससे भी बढ़कर वे एक सज्जन व्यक्ति तथा धर्म में रुचि रखने वाले थे। वे समाज में धर्म के प्रचार के लिए सदैव आगे रहते थे।

वल्लभ प्रसाद अग्रवाल ने इस्कॉन नोएडा मन्दिर के लिए भूमि दान से लेकर इसके निर्माण के लिए अपना बहुमूल्य योगदान दिया। इसके अतिरिक्त वे मन्दिर में मनाये जाने वाले विभिन्न उत्सवों जैसेकि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं भगवान् जगन्नाथ रथयात्रा में भी बढ़चढ़ कर योगदान दिया करते थे। इस्कॉन नोएडा परिवार वल्लभ प्रसाद के इस आकस्मिक निधन से अत्यन्त शोकाकुल है। अपनी श्रद्धांजलि स्वरुप इस्कॉन नोएडा मन्दिर में आज नरसिंह यज्ञ किया गया। यज्ञ में उनकी धर्मपत्नी सहित दो पुत्र शेखर अग्रवाल व नवीन अग्रवाल तथा पुत्रीयो ने भाग लिया।
यज्ञ इस्कॉन नोएडा मन्दिर परिसर में श्री श्री राधा गोविन्द देव के विग्रहों के समक्ष सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण इस्कॉन नोएडा परिवार ने श्री श्री राधा गोविन्द देव से प्रार्थना करता है कि वे उन्हें अपने चरण कमलों में आश्रय प्रदान करें एवं उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें।


