सलाम नमस्ते में “सलाम स्वदेश” कार्यक्रम का आयोजन
नोएडा।PNI News। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में रेडियो कार्यक्रम “सलाम स्वदेश का आयोजन हुआ। सोमवार को आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम के दौरान संस्थान की निदेशिका डॉ. कुलनीत सूरी, स्टेशन हेड बर्षा छबारिया के साथ संस्थान के शिक्षक एवं छात्रों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं गणतंत्र दिवस पर आयोजित आज के कार्यक्रम के दौरान स्वरचित देश भक्ति गीत, संगीत की प्रस्तुति साथ रेडियो श्रृंखला सलाम स्वदेश की शुरुआत की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डॉ. कुलनीत सूरी ने सभी प्रतिभागियों को गणतंत्र दिवस की अग्रिम बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है, हमारे युवा साथी चाहे तो अपनी स्वछंद उड़ान से हर उस मुकाम को पा सकते है जिसकी हमें जरूरत है। डॉ. सूरी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए देश के प्रत्येक नागरिकों को पहल करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे देश के युवा सजग है, जो आनेवाले समय में देश को गौरवान्वित करेंगे। आज हम रूढ़िवादी सोच से निकलकर नए भारत के निर्माण की ओर अग्रसर हैं।

वहीं सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि आज कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी मधुर आवाज में स्वरचित गीत की प्रस्तुति दी। वहीं कार्यक्रम के दौरान अतुल्य भारत पर निबंध, काव्य, स्लोगन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि सलाम नमस्ते आजादी के अमृत महोत्सव को ध्यान में रखते हुए इस गणतंत्र दिवस रेडियो श्रृंखला सलाम स्वदेश की शुरुआत कर रहा है। जिसमें हम स्कूली शिक्षक एवं छात्रों के साथ मिलकर महान भारतीयों की कथाएं, अतुल्य भारत के रोचक तथ्यों को जन-जन तक लेकर जाएंगे।


