वाईएसएस फाउंडेशन का संकल्प—हर पात्र नागरिक तक पहुँचे आयुष्मान भारत योजना का लाभ

वाईएसएस फाउंडेशन का संकल्प—हर पात्र नागरिक तक पहुँचे आयुष्मान भारत योजना का लाभ

नोएडा। समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से वाईएसएस फाउंडेशन ने आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के व्यापक जनजागरूकता एवं निःशुल्क पंजीकरण अभियान का शुभारंभ नोएडा के सेक्टर-35 से किया। अभियान का नेतृत्व डीडीआरडब्ल्यूए अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री एन.पी. सिंह ने किया।

अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ते हुए ₹5 लाख तक की वार्षिक निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा सुविधा का लाभ सुनिश्चित करना है। शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा लोगों को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज़, पंजीकरण प्रक्रिया एवं इसके लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इस अवसर पर श्री एन.पी. सिंह ने कहा, "स्वस्थ समाज ही विकसित भारत की आधारशिला है। आयुष्मान भारत योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच है। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव में इस योजना के लाभ से वंचित न रहे।"

वाईएसएस फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री सचिन गुप्ता ने कहा कि संस्था का संकल्प है कि जनसहभागिता के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार तक आयुष्मान भारत योजना का लाभ पहुँचाया जाए। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी दिनों में नोएडा एवं गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न सेक्टरों, आवासीय सोसायटियों, ग्राम पंचायतों और सामुदायिक केंद्रों में चरणबद्ध रूप से चलाया जाएगा, जिससे हजारों पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जा सके।

उन्होंने कहा कि वाईएसएस फाउंडेशन स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण एवं सामाजिक विकास के क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत है और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के लाभार्थियों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वाईएसएस फाउंडेशन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार एवं आसपास के पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएँ तथा इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।