नवयुवक मित्र मंडल ने कराया सामूहिक विवाह, गणमान्य लोगों ने दिया आशीर्वाद

नवयुवक मित्र मंडल ने कराया सामूहिक विवाह, गणमान्य लोगों ने दिया आशीर्वाद

नोएडा। कहते हैं, जोड़ियां ऊपर से बनकर आती हैं और धरती पर विवाह के रूप में परिवर्तित होती है। बेटी का विवाह किसी भी अभिभावक के जीवन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी व सपना होती है। ऐसे में अगर बेटी गरीब परिवार से हो तो माता-पिता के लिए यह जिम्मेदारी पहाड़ उठाना जैसा होता है। 

इसका साक्षी बने गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा में मंगलवार को 14 जोड़े, जो धूमधाम से शादी के बंधन में बंधे। नवयुवक मित्र मंडल, नोएडा की अगुवाई में इस सामुहिक विवाह में सैकड़ों लोग गवाह बने। इस समारोह में पूर्व विधायक व पूर्व महिला अध्यक्षा श्रीमती बिमला बाथम, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग शामिल हुए और वर-वधुओं को अपना आशीर्वाद दिया। 

नव युवक मित्रमंडल के सौजन्य से सेक्टर 19 नोएडा के बारात घर में आयोजित सामुहिक विवाह कार्यक्रम के सफल आयोजन में अध्यक्ष विकास अग्रवाल, सेक्रेटरी दीपक गोयल व सुमित अग्रवाल, ज्वाइंट सेक्रेटरी आशीष अग्रवाल, ट्रेजरर मनीष बंसल व चिंकू गुप्ता, कम्युनिटी मेम्बर ह्रितिक गोयल का अथक प्रयास रहा, जिसके प्रतिफल निर्धन परिवार के 14 जोड़े परिणय सूत्र में बंध सके।

सर्वप्रथम स्वागत के पश्चात वर-वधुओं ने एक दूसरे के गले में जयमाला डालकर एक दूजे का साथी होना स्वीकार किया। इसके पश्चात वैदिक रीति से 7 फेरे लेकर वे परिणय सूत्र में बंध गए।

नवयुवक मित्र मंडल ने इस मौके पर वर-वधुओं के लिए विविध  प्रकार के उपहार की व्यवस्था की थी, जिसमें बेड, आलमारी, कूलर, डिनर सेट, सिलाई मशीन, साड़ी , पैंट- शर्ट, सूटकेश, चूल्हा-सिलेंडर, कुकर-कड़ाही, मंगलसूत्र , पायल, चुटकी, कोका , गद्दा, तकिया, बाल्टी सहित अन्य घरेलू सामान और वधुओं के लिए श्रृंगार के सामान सहित 60 से अधिक वस्तुएं शामिल रहे। शहर के कई भरोसेमंद लोगों ने अपनी-अपनी तरफ से वर-वधू को गिफ्ट दिया। इस मौके पर शहर के उपस्थित लोगों ने नवयुवक मित्रमंडल के इस सामूहिक विवाह समारोह की भूरी-भूरी  सराहना भी की। सभी के लिए सुस्वादु जलपान व भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।