अज्ञात कारणों से युवक ने खाया सल्फास हुई मौत

सैदपुर। नगर के नई सड़क निवासी बीज व्यवसायी ने अज्ञात परिस्थितियों में सल्फास खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव को लेकर अंतिम संस्कार करने के लिए चले गए। नई सड़क पुल के पास रहने वाला 30 वर्षीय विजय सोनकर पुत्र स्व. छन्नूलाल सोनकर 3 भाइयों में छोटा था। उसके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि वो बीते कुछ दिनों में रुपये के लेनदेन को लेकर परेशान चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में भी बहस हो जाती थी। उसकी मुख्य बाजार में बीज व खाद आदि की दुकान थी, जिस पर वो सल्फास भी बेचता था। साथ ही जनरल स्टोर की एक दुकान वो पंकज टाकीज रोड पर करता था। इस बीच आज सुबह उसने अज्ञात कारणों से सल्फास खा लिया। परिजन उसे लेकर निजी अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक एक मासूम पुत्र समेत पत्नी, मां व भाई का भरा पूरा परिवार छोड़ गया है। उसके मासूम बच्चे को देख लोग उसके इस कदम पर कोस रहे थे।उसने विवाह भी अपनी मर्जी से किया था। परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने में जुटे थे।