मिशन कायाकल्प पर हुए देरी में नाराज हुए जिलाधिकारी
गाजीपुर : मिशन कायाकल्य योजना के तहत विद्यालयों में कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में हुई। इस दौरान जमानियां, मुहम्मदाबाद तथा नगर क्षेत्र में कार्य प्रगति कम पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने आपरेशन कायाकल्प के तहत सभी 19 कार्य बिंदुओं से विद्यालयों को संतृप्त किए जाने का निर्देश दिया। कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की मिशन कायाकल्प योजना में जुड़े सभी अधिकारी कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ बेहतर से बेहतर रूप दें।
निर्देश दिया कि संचालित कायाकल्प योजना में अन्य शेष सभी कार्यों को अनिवार्य रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही व शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने कायाकल्प के तहत स्कूलों में टाइल्स, रैंप निर्माण, इंटरलॉकिंग, विद्युतीकरण आदि कार्यों को कराए जाने पर बल दिया। अधूरे दिव्यांग शौचालयों को एक साथ मजदूर लगाकर पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को जनपद में संचालित 14 कस्तूरबा विद्यालय में जिन विद्यालयों की स्थिति जर्जर या खराब अवस्था में है उसका स्थलीय सत्यापन करते हुए लोकनिर्माण विभाग से रिपोर्ट प्राप्त कर लें ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटिन न होने पाए। अगली बैठक में सभी एबीएसए अपने अपने निरीक्षण रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित होंगे, जिसमें इस बात का प्रमाण पत्र देना होगा कि उनके द्वारा सभी कस्तूरबा विद्यालय का परीक्षण करा लिया गया है। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


