इरोस सम्पूर्णम बिल्डर ने ग्रीन बेल्ट किया तहस नहस, प्राधिकरण बना मूक दर्शक
ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-2 स्थित इरोस सम्पूर्णम सोसाइटी में फेज-3 का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मार्केटिंग ऑफिस और निर्माण कार्य के लिए वाहनों के आवाजाही के लिए बिल्डर ने प्राधिकरण द्वारा विकसित ग्रीन बेल्ट में कई जगह से अनाधिकृत रास्ते खोल लिए हैं। बिल्डर द्वारा रास्ता खोले जाने से ग्रीन बेल्ट बर्बाद हो रहा। साथ ही भारी भरकम वाहनों के आवाजाही से सर्विस रोड भी बर्बाद हो रहा है।

बिल्डर द्वारा ग्रीन बेल्ट में अवैध रास्ता खोले जाने की शिकायत सेक्टर-2 आरडब्लूए ने प्राधिकरण से किया है, लेकिन अभी तक कोई जमीनी कार्यवाही नहीं हुई है। सेक्टर-2 आरडब्लूए अध्यक्ष गजराज सिंह ने बताया कि सोसाइटी के बॉउंड्री के साथ ही सेक्टर-2 के सी-ब्लॉक का गेट है जिससे सोसाइटी निवासियों का आना जाना होता है। उन्होंने बताया कि काफी प्रयासों के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रीन बेल्ट का विकास कार्य कराया था, परन्तु बिल्डर ने एक झटके में ग्रीन बेल्ट को बर्बाद कर दिया। बिल्डर ने ग्रीन बेल्ट में तीन-चार अनाधिकृत गेट खोल दिए हैं जिससे लगातार भारी भरकम वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। वाहनों से आवाजाही से हमेशा धूल मिट्टी उड़ती रहती है।
गजराज सिंह ने बताया कि बिल्डर के अनैतिक कार्य की शिकायत प्राधिकरण से की गई है, परन्तु अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। सम्बंधित अधिकारियों का कहना है कि बिल्डर को नोटिस प्रेषित किया गया है लेकिन अधिकारी नोटिस की कॉपी दिखाने और देने से इंकार कर रहे, जिससे यह भी स्पष्ट नहीं है कि अधिकारियों ने वाकई में कोई नोटिस दिया है या महज लीपापोती कर रहे।
सेक्टर-2 आरडब्लूए अध्यक्ष गजराज सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि जल्दी ही ग्रीन बेल्ट में खोले गए अवैध गेट बंद नहीं हुआ और ग्रीन बेल्ट का पूर्व की भांति विकास नहीं हुआ तो सेक्टरवासियों के पास प्राधिकरण कार्यालय पर धरना देने के अलावा कोई उपाय नहीं बचेगा।


