'अटल व्यक्तित्व, अटल विचार' विषय पर दो दिवसीय भव्य आयोजन संपन्न

'अटल व्यक्तित्व, अटल विचार' विषय पर दो दिवसीय भव्य आयोजन संपन्न

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मानव प्रगति सेवा संस्थान, जो कि वर्ष 1986 से उत्तर प्रदेश में निरंतर सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यों में सक्रिय है, द्वारा सांस्कृतिक मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर 25 एवं 26 दिसम्बर 2025 को लखनऊ में भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में “अटल व्यक्तित्व, अटल विचार” विषय पर दो दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संपूर्ण समन्वय मानव प्रगति सेवा संस्थान की सचिव श्रीमती आकांक्षा शुक्ला द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस 25 दिसम्बर 2025 को डिप्लोमा इंजीनियरिंग संघ भवन, लखनऊ में प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक राज्य स्तरीय बाल निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री माननीय श्री सुनील भराला जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के द्वितीय दिवस 26 दिसम्बर 2025 को आईएमआरटी कॉलेज, गोमती नगर, लखनऊ में दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक समापन संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विधान परिषद सदस्य (MLC) माननीय श्री उमेश द्विवेदी जी मुख्य अतिथि रहे। संगोष्ठी में समाज, शिक्षा एवं राजनीति क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का विषय “अटल व्यक्तित्व, अटल विचार” रहा, जिसमें वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मानव प्रगति सेवा संस्थान ने सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थाओं एवं सांस्कृतिक मंत्रालय, भारत सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।