रोहतक में आज सजेगा युवा मंच, मनोहर करेंगे संवाद
राष्ट्रीय युवा दिवस पर संविधान गौरव समारोह में युवा लेंगे संविधान सम्मान का संकल्प, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्यातिथि, कुलपति डॉ. राजबीर करेंगे अध्यक्षता
चंडीगढ़। राष्ट्रीय युवा दिवस पर रोहतक में युवा मंच सजेगा। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। मनोहर लाल युवाओं को सफलता, कौशलता, आत्मनिर्भरता और उद्यमियता का मंत्र देंगे। संविधान गौरव समारोह में युवा संविधान सम्मान का संकल्प लेंगे।
रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में महर्षि विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय गौरव दिवस पर 12 जनवरी रविवार को सुबह 10 बजे संविधान गौरव समारोह का आयोजन किया जाएगा। युवा गौरव उत्सव समिति के तत्वाधान में आयोजित होने वाले संविधान गौरव समारोह की तैयारियों को जायजा लेने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया ने एमडीयू के टैगोर आडिटोरियम में पहुंचे और व्यवस्थाओं को जांचा।
कार्यक्रम संयोजक सुदेश कटारिया ने बताया कि संविधान गौरव समारोह में युवाओं के प्रेरणास्त्रोत तथा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जबकि सेवानिवृत आईएएस डॉ. दिलीप सिंह विशिष्ट अतिथि और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। जबकि एमडीयू के कुलपति डॉ. राजबीर सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
समारोह का उद्देश्य युवा शक्ति को एकजुट करने के साथ उनके विचारों को मंच प्रदान करना है। यही नहीं युवा हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान का संकल्प लेंगे और यह आयोजन युवाओं के व्यक्तित्व विकास और समाज निर्माण में उनकी भूमिका को सशक्त करेगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल युवाओं को आत्मनिर्भरता और उद्यमियता का मंत्र देंगे, क्योंकि बतौर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अंत्योदय उत्थान के तहत समाज के अंतिम पायदान पर खड़े युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया था। मिशन मेरिट के जनक मनोहर लाल के स्वागत को लेकर हर युवा उत्साहित है।
मोदी के विजन @2047 को गति देने का संकल्प लेंगे युवा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के मीडिया सलाहकार सुदेश कटारिया का कहना है कि युवा संविधान सम्मान के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के @2047 विजन को गति देने का संकल्प लेंगे। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास विजन को गति देने के लिए तत्पर हैं, युवाओें को विकास विजन के साथ जोड़ने के लिए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री उन्हें उद्यमता के साथ सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का मंत्र देंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2027 तक देश को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उसमें युवाओं का सहयोग जरूरी है।


