प्रतिष्ठा द्वादशी पर नोएडा में भव्य राम दरबार झांकी, बच्चों ने लिया रामायण संवाद प्रतियोगिता में हिस्सा
वरिष्ठ प्रचारक कृपाशंकर ने किया पुरस्कार वितरण
नोएडा। नोएडा के सेक्टर 51 स्थित केन्द्रीय विहार सोसायटी में प्रतिष्ठा द्वादशी का सुंदर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रमों के तहत भव्य राम दरबार झांकी, हवन, सुंदरकाण्ड पाठ, रामायण संवाद प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्रीमान् कृपाशंकर जी ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर प्रतियोगिता में विजित बच्चों को पुरस्कार दिए।
सोसायटी की मातृशक्ति टोली ने शनिवार प्रातः भव्य राम दरबार झांकी निकाली। एक बग्घी पर माता सीता, भगवान श्रीराम, भगवान लक्ष्मण और रामदूत हनुमान बनकर सोसायटी के बच्चे बैठे। झांकी के साथ सोसायटी के निवासियों ने बड़ी संख्या में प्रभात फेरी में भागीदारी की। नाचते-गाते, सनातन की जय का जयकारा लगाते श्रद्धालुजन पुनः सोसायटी स्थित मंदिर पर इक्ट्ठा हुए।
राम दरबार झांकी की यात्रा संपन्न होने के पश्चात मंदिर में हवन का सुंदर कार्यक्रम आयोजित किया गया। हवन में सोसायटी के राम भक्तों ने हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन संपन्न हुआ। इसके पश्चात प्रसाद वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अपराह्न में मंदिर में मातृशक्ति की टोली ने सुंदरकांड का पाठ किया। पाठ के पश्चात सोसायटी के 15 वर्ष तक के बच्चों ने रामायण संवाद प्रतियोगिता में सुन्दर प्रस्तुति दी। इसके साथ ही रामायण प्रश्नोत्तरी में कई प्रश्न किए गए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्रीमान् कृपाशंकर जी रामायण संवाद प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने प्रतियोगिता में विजित बच्चों को पुरस्कार दिया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही उपस्थित लोगों से अपने कुल के सदस्यों की जानकारी रखने का भी आह्वान किया। भगवान श्रीराम की आरती के साथ प्रतिष्ठा द्वादशी का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ।


