सात दुकानों का ताला तोड़कर लाखों के सामान, और नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

सात दुकानों का ताला तोड़कर लाखों के सामान, और नगदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

करीमुद्दीनपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के उतरांव मोड़ बाजार के हार्टमनपुर चर्च गेट के सामने कटरे में स्थित सात दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने बृहस्पतिवार की रात लाखों रुपये के सामान और एक लाख रुपये नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन में जुटी रही, लेकिन चोरों को दबोचना तो दूर चिन्हित करने में भी सफलता नहीं मिली।  उतरांव मोड़ बाजार के हार्टमनपुर चर्च गेट के सामने कटरे में स्थित दुकानों को बंदकर दुकानदार प्रतिदिन की तरह घर चले गए। दूसरे दिन सुबह जब बाजार के लोगों की नजर खुले हुए दुकानों पर पड़ी तो शोर मचाना शुरू कर दिया। अफरोज अंसारी की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से टेलीविजन, प्रेस, हिटर, इंडेकशन सहित 80 हजार रुपये नगदी सामान गायब थे। रितेश सिंह के रेडिमेड की दुकान से पचास हजार रुपये मूल्य के कपड़ों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया था। अमित राम के जनसेवा केंद्र की दुकान से इंवर्टर, बैट्री और नगदी गायब थी। कलावती की ब्यूटी पार्लर की दुकान से मेकअप के सामान, मशीन और कपड़ा तथा 20 हजार नगदी, सतेंद्र के इलेक्ट्रॉनिक दुकान से भी सामान गायब थे। वहीं डिग्री कॉलेज के पास एक ब्यूटी पार्लर का भी सामान चोरों ने गायब कर दिया था। इस संबंध में करीमुद्दीपुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया की तहरीर मिली है। सीसीटीवी कैमरे से चोरों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।