ओवरटेक के चक्कर मे बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत
गाजीपुर नंदगंज थाना क्षेत्र के रामपुर बंतरा के पास फोरलेन पर शनिवार को ओवरटेक के दौरान ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की कुचलकर मौत हो गई जबकि पति घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पति की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर पुलिस छानबीन करने में जुटी हुई है।सैदपुर कोतवाली परमनाचक निवासी अमरावती देवी (24) पति रामअवतार के साथ बाइक से बिरनो थाना क्षेत्र के कहोतरी गांव अपने मायके जा रही थीं। रामपुर बंतरा गांव के सामने फोरलेन पर वाराणसी से गाजीपुर जा रहे दो ट्रकों को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में टक्कर लग गई, जिससे महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गई और कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पति को भी चोटें आई।जब-तक आस-पास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर घटना की जानकारी होते ही ससुराल और मायके के लोग भी थाने पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि 22 जून को शादी हुई थी। इस घटना से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इधर मृतका के पति रामअवतार ने अज्ञात ट्रक और चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पति की ओर से मिली तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी चालक की तलाश करने के साथ ट्रक को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।


