नोएडा गोल्फ कोर्स के मैनेजमेंट बोर्ड चुनाव में रोमांचक मुकाबले में जीते डॉ हरीश त्रिपाठी और मेजर जनरल विभूति भूषण
मैनेजमेंट बोर्ड के छह सदस्यों के लिए 13 प्रत्याशी थे मैदान में, जनरल कैटेगरी में सबसे दिलचस्प रहा मुकाबला
नोएडा: सेक्टर-38 स्थित नोएडा गोल्फ कोर्स के मैनेजमेंट बोर्ड के छह सदस्यों के लिए 17 अक्टूबर को हुए चुनाव में जनरल कैटिगरी में आर्किटेक्ट डॉ हरीश त्रिपाठी ने जीत हासिल की। उनके साथ ही सिमरजीत सिंह, अमर पीएन सिंह और उमेश दूबे भी विजेता बने। सबसे दिलचस्प मुकाबला जनरल कैटिगरी में ही देखने को मिला। इसके अलावा आर्मी कैटिगरी में रिटायर्ड मेजर जनरल विभूति भूषण ने जीत हासिल की। जबकि एयर फोर्स व नेवी के संयुक्त पद पर स्क्वाड्रन लीडर मोहित खन्ना ने जीत हासिल की। छह सीटों में चार जनरल कैटेगरी, एक आर्मी और एक एयरफोर्स-नेवी कोटे के प्रत्याशी चुने गए। जनरल कैटेगरी की चार सीटों के लिए सात प्रत्याशी मैदान में थे, जिससे इस वर्ग में मुकाबला खासा रोचक रहा।
जनरल कैटेगरी में अमर पीएन सिंह, डॉ. हरीश त्रिपाठी, नलिनी शर्मा, सिमरजीत सिंह, संदीप जिंदल, सुरेश जैन और उमेश दुबे चुनाव मैदान में थे। वहीं, आर्मी कोटे की एक सीट के लिए रिटायर्ड मेजर जनरल विभूति भूषण, रिटायर्ड कर्नल जेएम अरोड़ा, रिटायर्ड कर्नल सुभाष चंद्र शर्मा और रिटायर्ड कर्नल सुनील यादव के बीच मुकाबला था। एयरफोर्स और नेवी कोटे की एक सीट के लिए रिटायर्ड स्क्वाड्रन लीडर मोहित खन्ना और रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन ओपी गुप्ता आमने-सामने थे। चुनाव बेहद शांतिपूर्ण माहौल में हुआ। बता दें कि मैनेजमेंट बोर्ड में अध्यक्ष नोएडा प्राधिकरण के अध्यक्ष होते हैं, जबकि सदस्य सचिव के रूप में एसीईओ या अध्यक्ष द्वारा नामित अधिकारी होते हैं। इसके अलावा दो सदस्यों का नामांकन भी प्राधिकरण अध्यक्ष की ओर से किया जाता है।


